बिहार में पुलिस भवन निर्माण विभाग की ओर से करीब 500 से अधिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। कई स्थानों पर भवन पूरे होने के बाद थानों को शिफ्ट भी कर दिया गया है, लेकिन कुछ जगहों पर काम में लगातार देरी देखी जा रही है। इसी को लेकर बिहार के डीजीपी विनय कुमार नाराज नजर आए।
सराय पहुंचने पर सामने आई स्थिति
वैशाली जिले के सराय पहुंचे डीजीपी विनय कुमार एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्हें सराय थाना के लिए बन रहे नए भवन का काम अधूरा होने की जानकारी मिली। यह सुनते ही डीजीपी गुस्से में आ गए और मौके पर मौजूद अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने का निर्देश
डीजीपी ने पुलिस भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों से वैशाली जिले में बनाए जा रहे थानों के भवनों की स्थिति की जानकारी ली। जिन थानों के भवन निर्माण कार्य में विलंब हो रहा है, उन सभी का विस्तृत रिपोर्ट डीजीपी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
गंगा ब्रिज थाना भूमि अधिग्रहण का मुद्दा
हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना के लिए भूमि अधिग्रहण किए जाने की बात भी सामने आई, जिसे एनएचआई में चले जाने की जानकारी दी गई। इस पर डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले में जल्द से जल्द स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने का मामला गरमाया, मुस्लिम समाज ने नीतीश कुमार के खिलाफ लगाए नारे
नए थाना क्षेत्र और भवनों की जानकारी ली
डीजीपी ने वैशाली जिले में प्रस्तावित नए थाना क्षेत्रों और उनके भवन निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही पुलिस भवन निर्माण विभाग द्वारा जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट मांगी गई है।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में चल रहे सभी पुलिस भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि पुलिस व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।