बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर डुमरी गांव में मंगलवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर लेटे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक लूट के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना से करीब दो किलोमीटर पहले बदमाशों ने सदर थाना क्षेत्र के अस्तीपुर के पास हथियार के बल पर एक व्यक्ति से उसकी बाइक लूट ली थी। बाइक लूटने के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए गांव की ओर भाग निकले। इसी दौरान कुतुबपुर डुमरी गांव में उन्होंने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर गोलियां चला दीं।
मोबाइल देख रहे युवक पर बरसाईं गोलियां
घायल की पहचान कुतुबपुर डुमरी निवासी अमरनाथ पासवान के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल ने बताया कि वह रात में अपने घर के दरवाजे पर लेटकर मोबाइल देख रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। डॉक्टरों के अनुसार राहुल की बाईं जांघ में दो गोलियां लगी हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:
बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान जारी, भाजपा सांसद ने क्या दावा किया? देखें अपडेट
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर थाना पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।