मुजफ्फरपुर में रेलवे लाइन के किनारे एक युवक जिसका नाम सचिन कुमार उम्र 20 वर्ष की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, मौके पर पहुंचे परिजन ने कहा, मौत ट्रेन से कटने से नहीं हुई। बल्कि हत्या की गई है और रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंका गया है। मामला हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मेन लाइन के तुर्की स्टेशन के पास की बताई गई है। घटना की सूचना के बाद से मौके पर पहुंची रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक के भाई पंकज कुमार राय ने बताया कि हम लोग चंद्रहिया गांव के रहने वाले हैं। मेरे छोटे भाई सचिन का प्रेम-प्रसंग गांव के सुबोध कुमार राय की लड़की से चल रहा था, सब कुछ ठीक था। भाई ने भी शादी की बात पहले मुझसे किया था और इसको लेकर के लड़की के परिजन भी मेरे पास आए थे और शादी की बात किए थे। आज हत्या कर रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया गया है। यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। जो लड़का शादी के लिए तैयार था और उसको लेकर खुश था, वो भला आत्महत्या कैसे कर सकता है। मुझे लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है।
इस पूरे मामले में तुर्की थाना की पुलिस ने बताया कि एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक के पास में स्टेशन के पास मिली है। लाश ट्रेन की गुजरने की वजह से कट गई है। यह पूरा मामला रेलवे के जूरिडिक्शन से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच रेल पुलिस कर रही है। अभी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया जाने के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा जा रहा है। परिजन का आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान कर ली गई है।