Bihar News : 19 साल का युवक परदेस से प्रदेश आया था। फिर लौटकर हैदराबाद ही जाना था। घर से निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि यहीं हत्या हो गई थी। आरोप है कि जाने के दिन जिन युवकों से झंझट हुआ था, उन लोगों ने ही मार डाला।
मुजफ्फरपुर जिले के बोचाहा थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के राजवाड़ा निवासी लमपू सहनी के 19 वर्षीय पुत्र रामेश्वर सहनी के रूप में हुई है। वह हैदराबाद में मार्बल-टाइल्स बनाने वाली एक कंपनी में मजदूरी करता था और दो महीने पहले छुट्टी में घर आया था। हाल ही में वह दोबारा प्रदेश जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन घर लौटकर नहीं आया।
विज्ञापन
परिजन आश्वस्त थे कि रामेश्वर हैदराबाद पहुंचकर फोन करेगा, लेकिन इसी बीच खबर मिली कि बोचाहा थाना क्षेत्र के बसवारी इलाके में एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामेश्वर के रूप में की। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय ग्रामीण युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पूर्व विवाद बना शक का आधार
मृतक के रिश्तेदार सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि हैदराबाद रवाना होने से पहले रामेश्वर की गांव के ही कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। सुरेन्द्र ने आरोप लगाया कि वही युवक इस हत्या के पीछे हैं। उन्होंने बताया कि रामेश्वर घर से निकलते समय कहा था कि "हैदराबाद पहुंचकर बात करेंगे", लेकिन उसके बाद उसका शव मिला।
शराब की बोतलें भी मिलीं
पुलिस को घटनास्थल के पास कुछ शराब की बोतलें भी मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक को शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
पुलिस कर रही तफ्तीश, आरोपित फरार
घटना के बाद ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया कि बोचाहा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान रामेश्वर सहनी के रूप में हुई है। परिजन गांव के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपित फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।