बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस की गाड़ी में जेल जाने से पहले हथकड़ी लगाए आरोपी ने बीच रास्ते में ही रील बनाना शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस को चुनौती भी दे डाली। मामला संज्ञान में आते ही सिटी एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा, जांच की जा रही है। एक वीडियो की जानकारी मिली है। मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
दअरसल, एक वायरल वीडियो में देखा जा रहा है मिठनपुरा थाना क्षेत्र के एक आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद बीच सड़क पर पुलिस को ही खुली चुनौती दी है। इस दौरान पुलिस की अन्य जाती हुई गाड़ी का वीडियो भी बनाया और फिर उसको अपने साथ में रील में जोड़ दिया। फिर हरियाणा के गाने के साथ जोड़कर वायरल कर दिया है।
आपको बता दें कि आरोपी के हाथ में हथकड़ी भी लगी हुई थी और वह अलग-अलग अंदाज में पोज दे रहा है। हरियाणवी गाने पर रील बनाई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वीडियो में आरोपी पानी पीते दिख रहा है। अब सवाल उठता है कि आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में आखिर चकमा कैसे दिया और वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इससे पुलिस की लापरवाही उजागर होती है। क्योंकि यह आरोपी को हथकड़ी में बंधे होने के बावजूद रील बनाने की इजाजत कैसे मिली। वीडियो में आरोपी और उसके साथ कुछ अन्य लड़के पुलिस की गाड़ी के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं। युवक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पूरे मामले में सिटी एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि एक वायरल वीडियो की हमें जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी, वीडियो कब की है और पुलिस की मौजूदगी में कैसे बनी। इसकी जांच भी करवाए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसकी भी लापरवाही होगी, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।