टेंपो स्टैंड में मिला एक व्यक्ति का शव
- फोटो : अमर उजाला
जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के हाजीपुर त्रिमूर्ति चौक स्थित टेंपो स्टैंड से एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कप मच गया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा होने के बाद घटना की जानकारी स्थानीय नगर थाने की पुलिस अधिकारी को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मृतक कि पहचान लालगंज प्रखंड करताहा थाना क्षेत्र के गुरमियां गांव निवासी जय नारायण साहनी 55 वर्षीय पुत्र राजकुमार साहनी के रूप में हुई है। वहीं नगर थाने की पुलिस के द्वारा पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। टेंपो स्टैंड में शव कैसे पहुंचा और शव कहां से आया है, इन तमाम पहलू पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
हालांकि की इस घटना को लेकर मृतक के पड़ोसी मुकेश पासवान ने बताया कि घर से हल्का फुल्का पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी दौरान उन्हें हाजीपुर डॉक्टर से दिखलाने के लिए आना था। वे कल सुबह आठ बजे घर से हाजीपुर के लिए अकेले निकल गए थे। विवाद के कारण किसी को साथ में घर से आने नहीं दिए थे।
आगे मुकेश पासवान ने बताया कि घटना की सूचना गांव के ही एक लोगों के द्वारा दी गई थी कि उनकी ज्यादा ही तबियत खराब है और हाजीपुर पासवान चौक के पास गिरे हुए है। इस सूचना पर पासवान चौक के पास पहुंचे तो वहां नहीं मिले। फिर किसी ने बताया कि हाजीपुर सदर अस्पताल में पुलिस ले गई है। यहां आए तो देखा कि मृत अवस्था में है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों के द्वारा बताया गया है कि ठंड लगने के कारण उनकी मौत हुई है।