पंचायत राज मंत्री और बीजेपी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
बिहार की सियासत में जुबानी जंग तेज होती जा रही है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर बिहार सरकार के पंचायत राज मंत्री और बीजेपी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता ने कड़ा पलटवार किया है। मंत्री गुप्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव चुनाव से पहले ही हार मान चुके हैं, इसलिए मंच से अनाप-शनाप बोल रहे हैं और अपने समर्थकों से अपशब्द कहलवा रहे हैं।
बीजेपी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार और देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों से लाभान्वित हो रही है। मुफ्त बिजली, महिलाओं को रोजगार, गरीबों व बुजुर्गों के लिए योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हर वर्ग की जुबान पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश का नाम है।
पढ़ें: कुर्मी समाज का रेल रोको आंदोलन, एसटी दर्जे की मांग को लेकर आज से शुरू होगा अनिश्चितकालीन प्रदर्शन
बीजेपी मंत्री ने विपक्ष पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस दोनों ही दल केवल अपने-अपने परिवार को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। गुप्ता ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी तेजस्वी यादव को "सीएम मैटेरियल" मानने को तैयार नहीं है और राजद के नेता कांग्रेस को खुश करने में ही उलझे हुए हैं।
गुप्ता ने कहा कि जनता केवल काम करने वालों को महत्व देती है और यही कारण है कि एनडीए के साथ खड़ी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष मंच से गाली देने की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रहा है। मंत्री ने विश्वास जताया कि परिवारवाद की राजनीति का अंत तय है और आने वाले समय में राजद और कांग्रेस, दोनों ही दल राजनीतिक हाशिए पर चले जाएंगे।