बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद खाकी वर्दीधारी ही शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए हैं। वैशाली जिले के हाजीपुर जीआरपी थाना क्षेत्र में ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के एक हवलदार और महिला होमगार्ड को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले का खुलासा हुआ। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12204 अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस में छपरा से हाजीपुर तक ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी पर जीआरपी हाजीपुर के प्रधान आरक्षी नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी तैनात थे। हाजीपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद शराब से भरा बैग उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान जीआरपी ने दोनों कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए चार बैग बरामद किए गए। तलाशी लेने पर चारों बैग से कुल 36 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। इनमें 750-750 एमएल की 24 बोतल रॉयल स्टैग और 12 बोतल ऑफिसर्स चॉइस शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 27 लीटर आंकी गई है।
पढे़ं: किन विभागों के अफसरों-कर्मियों पर निगरानी की नजर? घूसखोरों के पकड़ाने का खतरा कहां, देखें ट्रेंड
मामला दर्ज, दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए
इस मामले में जीआरपी थाना हाजीपुर में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में दो अन्य अज्ञात लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
गिरफ्तार आरोपितों में हवलदार-13 नरेंद्र कुमार सिंह (69 वर्ष), पिता स्व. जलेश्वर सिंह, निवासी सरहैया, थाना दरियापुर, जिला सारण (छपरा) और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी (24 वर्ष), पति विजय कुमार, निवासी मधुबनी, थाना सदर, जिला मुजफ्फरपुर शामिल हैं।