बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व शिवहर में श्री राजपूत करणी सेना द्वारा भव्य क्षत्रिय सम्मान रैली का आयोजन किया गया। शहर के गांधी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष टाइगर राजेश कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब राजपूत समाज को एकजुट होकर अपनी ताकत का एहसास कराना होगा। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि आजाद भारत में पहली बार बिहार से कोई राजपूत मंत्री नहीं है। इसे दूर करना हमारी प्राथमिकता होगी।
मकराना ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिन लोगों ने हमारे पत्ते काटे हैं, उनकी भी पत्ते कटेगी। उन्होंने दावा किया कि राजपूत समाज ने भारत की राजनीति को जन्म से ही दिशा दी है और आगे भी यह समाज अपनी ताकत का परिचय देगा। रैली में उन्होंने जोर देकर कहा कि पटना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम वीर कुंवर सिंह के नाम पर रखा जाना चाहिए और साथ ही राजपूत नेता प्रभुनाथ सिंह, जिन्हें साजिश के तहत जेल में डाला गया है, की शीघ्र रिहाई हो।
पढ़ें: सहरसा में 14 वर्षीय किशोर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम
उन्होंने साफ किया कि करणी सेना किसी भी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है, लेकिन जो पार्टी उनकी मांगों को मानेगी, करणी सेना उसी का समर्थन करेगी। इस अवसर पर बिहार प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह उज्जैन, प्रियांशु सिंह, राणा ब्रजेश सिंह, डॉ. नूतन माला, रणविजय सिंह, प्रकाश सिंह गोलू, मुकेश सिंह, बंटी सिंह, सनी सिंह चौहान, रौशन सिंह, दीपू कुमार, निखिल सिंह, रामचेला सिंह, सन्नी सिंह, विकास सिंह, हर्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। रैली में जुटी भीड़ और जोशीले नारों से साफ संकेत मिला कि करणी सेना आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति मजबूती से दर्ज कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।