मोतिहारी जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मंगलवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर पांच लाख रुपये लूट लिए। घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में जगह-जगह नाकाबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है।
यह घटना पीपरा थाना क्षेत्र के जमुनिया स्थित बेलही देवी मंदिर के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पिपराकोठी थाना क्षेत्र के बड़कुरवा गांव निवासी अनिरुद्ध कुमार सिंह रोजाना की तरह अपनी कार से जमुनिया स्थित सीएसपी सेंटर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी और पांच लाख रुपये नकद, पासबुक, साइन किया हुआ ब्लैंक चेक और लैपटॉप लूटकर पिपराकोठी की ओर फरार हो गए।