फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: वैशाली के राघोपुर में फिर बाढ़ का कहर, गांव-थाना-बाजार जलमग्न; 40 स्कूलों में पठन-पाठन बंद

Sat, 03 Oct 2026 03:08 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

वैशाली के राघोपुर प्रखंड में गंगा और गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर बाढ़ का खतरा गहरा गया है। कई गांवों, सड़कों, बाजारों और जुड़ावनपुर थाना परिसर में पानी भर गया है। वहीं, 40 स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया है।
विज्ञापन
जुरवनपुर थाना में पानी घुसा हुआ
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैशाली जिले में गंगा और गंडक नदी के जलस्तर में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में एक बार फिर बाढ़ का भीषण खतरा पैदा कर दिया है। पिछले 15 दिनों से अधिक समय तक बाढ़ का दंश झेलने के बाद लोगों ने अभी राहत की सांस ली ही थी कि इस मानसून सीजन में तीसरी बार पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। बाढ़ के इस नए प्रकोप ने प्रखंड की जीवन रेखा को पूरी तरह जाम कर दिया है।

थाना परिसर और मुख्य बाजार जलमग्न

विज्ञापन

बाढ़ के पानी के तेज फैलाव से जुड़ावनपुर थाना परिसर, बिंदा मार्केट, शिवनगर, जुड़ावनपुर बाजार तथा जुड़ावनपुर से वीरपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया है। इसके अलावा बिंदा मार्केट से विश्राम टोला, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 28-29 के पास और कमल सिंह उच्च विद्यालय, राघोपुर पश्चिम के समीप भी भारी जलजमाव हो गया है। जुड़ावनपुर थाने में पानी भर जाने से पुलिसकर्मियों को अपने दैनिक कार्यों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रात के समय जहरीले जीवों के भय से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

संपर्क कटा, जान जोखिम में डालकर आवाजाही
सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 28-29 के पास हुए जलजमाव के कारण जफराबाद-जहांगीरपुर के सैकड़ों ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया है। मजबूरी में लोग ट्रैक्टर और पिकअप के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। बिंदा मार्केट के स्थानीय दुकानदार सुमन कुमार ने पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि बमुश्किल 15 दिन पहले दुकानें खुली थीं कि बाढ़ का पानी फिर लौट आया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक नावों का परिचालन शुरू नहीं किया गया है।

इस सीजन में यह तीसरी बार है, जब बाढ़ का पानी प्रहार कर रहा है। पिछली बाढ़ में प्रखंड की 20 पंचायतों के 76 गांव प्रभावित हुए थे। ताजा स्थिति के तहत इस बार चकसिंगार, रामपुर करारी, बरारी, लंका टोला, श्रीनगर, विश्राम टोला, वीरपुर, जफराबाद, हिम्मतपुर, तेरसिया और सरायपुर समेत दर्जनों गांवों में पानी प्रवेश कर चुका है।

प्रशासनिक दौरा और राहत राशि को लेकर आक्रोश

विज्ञापन

हालात का जायजा लेने के लिए बीडीओ सीमा कुमारी ने शुक्रवार को ट्रैक्टर पर सवार होकर सिक्स लेन पुल से लोहा पुल तक तथा चकसिंगार, बरारी, करारी, राघोपुर पूर्वी, पहाड़पुर और मलिकपुर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

दूसरी ओर, सरकार द्वारा घोषित 7 हजार रुपये की बाढ़ राहत राशि समय पर न मिलने से ग्रामीणों में जिला प्रशासन के प्रति तीव्र आक्रोश है। समाजसेवी अर्जुन कुमार ने बताया कि जफराबाद टोक और जहांगीरपुर पंचायत के लोगों को सिक्स लेन पुल से गांव आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। लोग ट्रैक्टरों से आने को विवश हैं, जहां चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने अंचल और जिला प्रशासन से तत्काल आवागमन सुचारू करने और नावें चलवाने की जोरदार मांग की है।

ये भी पढ़ें- बिहार न्यूज: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बेगूसराय, सड़क पर पड़ा मिला वॉशिंग सेंटर संचालक

शिक्षा व्यवस्था पर भी गहराया संकट

विज्ञापन

राघोपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका ने एक बार फिर शिक्षण व्यवस्था को पूरी तरह से चरमरा दिया है। नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण प्रखंड के कुल 137 विद्यालयों में से 40 स्कूलों में पठन-पाठन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले आई बाढ़ के दौरान भी सभी विद्यालय करीब 15 दिनों तक बंद रहे थे। पानी उतरने के बाद जैसे ही पढ़ाई पटरी पर लौट रही थी, दोबारा जलस्तर बढ़ने से व्यवस्था फिर बिगड़ गई है।

सबसे बुरा असर चकसिंगार, तेरसिया, सरायपुर और जफराबाद टोक पंचायतों पर पड़ा है, जहां के सभी विद्यालय पूरी तरह बंद हैं। इसके अलावा पहाड़पुर, राघोपुर और रामपुर के कई स्कूल भी इसकी चपेट में हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रभावित स्कूलों के शिक्षकों को नजदीकी सुरक्षित विद्यालयों में टैग कर दिया है। हालांकि, पूर्व निर्धारित अवकाश के चलते स्कूल पहले से ही बंद हैं और अब पांच अक्तूबर को खुलेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा जलस्तर सामान्य होते ही पठन-पाठन सुचारू रूप से पुनः आरंभ किया जाएगा।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें