Bihar: लड़की की मां के अनुसार, सभी मांगें पूरी न होने पर दूल्हे ने खुद शादी से इंकार कर दिया। परिवार व अगुवा द्वारा समझाने पर भी वह राजी नहीं हुआ। आरोप यह भी है कि शादी तोड़ने के कुछ दिन बाद युवक अपने बहनोई के साथ मोबाइल देने के बहाने लड़की से मिलने पहुंचा और उसे अपने साथ घुमाने की जिद करने लगा।
मुजफ्फरपुर जिले में तय विवाह एक महीने पहले ही टूट गया। आरोप है कि दूल्हा व उसके परिवार ने दहेज की शर्तें पूरी न होने पर शादी से इंकार कर दिया। विवाह कार्ड छप चुके थे, रस्मों की तैयारी चल रही थी, ऐसे में अचानक हुई इस घटना से लड़की पक्ष आक्रोशित है। पीड़िता की मां ने महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
मामला मनियारी थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि गरहां थाना क्षेत्र के लड़के की शादी चार दिसंबर 2025 को तय थी। तीन दिसंबर को मटकोर सहित अन्य रस्में होनी थीं। लड़की की मां का कहना है कि जून 2025 में दोनों पक्षों की पहली मुलाकात हुई थी। जुलाई में देखा-सुनी की रस्म भी संपन्न हो गई, जिसके बाद लड़के वालों ने लड़की को कई बार मंदिर और अन्य स्थानों पर देखने की जिद की।
वर्तमान में महिला थाना को दिए आवेदन के अनुसार, दो अगुवा की मौजूदगी में दहेज का समझौता भी हो चुका था। लड़की पक्ष ने 1.50 लाख रुपये नगद और तैयारी में लगभग 5.50 लाख रुपये खर्च करने का दावा किया है। इसके बावजूद, दूल्हा पक्ष ने शादी से पहले अपाचे बाइक और अतिरिक्त नकद राशि की मांग रखी।
अचानक बदला रुख, फिर मोबाइल देने के बहाने मिलने पहुंचा
लड़की की मां के अनुसार, सभी मांगें पूरी न होने पर दूल्हे ने खुद शादी से इंकार कर दिया। परिवार व अगुवा द्वारा समझाने पर भी वह राजी नहीं हुआ। आरोप यह भी है कि शादी तोड़ने के कुछ दिन बाद युवक अपने बहनोई के साथ मोबाइल देने के बहाने लड़की से मिलने पहुँचा और उसे अपने साथ घुमाने की जिद करने लगा।
पीड़िता की मांग- खर्च की भरपाई हो, आरोपियों पर कार्रवाई
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से गुहार लगाई है कि अब तक खर्च हुए 7 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस दिलाई जाए तथा युवक व उसके परिवार पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि हुए सामाजिक अपमान और आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।