वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के सेहान गांव में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव घर के भीतर सीढ़ी के पास पतली रस्सी से लटका हुआ पाया गया, जहां मुड़े हुए पैर जमीन से सटे थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
मौके से सुसाइड नोट बरामद
सूचना मिलने पर कटहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे अपने कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतका की पहचान
मृतका की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी दीपक राज की पत्नी प्रिया भारती के रूप में हुई है। प्रिया भारती की तीन महीने की एक बेटी है। बताया गया है कि वह स्कूल के नजदीक किराए के मकान में अकेली रह रही थीं।
सुसाइड नोट में आत्महत्या का दावा
दावा है कि सुसाइड नोट में मृतका ने लिखा कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है और वह अपनी स्वेच्छा से जीवन समाप्त कर रही है। नोट में स्पष्ट किया गया है कि यह कोई हत्या नहीं है और इसमें किसी व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि यह उनका निजी निर्णय है।
पढ़ें- Bihar News : पटना में फिर बड़ा कांड; तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी नाबालिग चचेरे भाई को पुलिस ने पकड़ा
अंतिम संस्कार और पारिवारिक अनुरोध का उल्लेख
नोट में प्रिया भारती ने यह भी लिखा कि उनका शव रसूलपुर न ले जाया जाए और अंतिम संस्कार हाजीपुर में ही किया जाए। उन्होंने मुखाग्नि अपनी बेटी से दिलाने की इच्छा जताई और पति या परिवार के खिलाफ किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज न करने का अनुरोध किया। साथ ही मोबाइल फोन पति को सौंपने और उसमें मौजूद नोट्स, ऑडियो व वीडियो की जानकारी भी दी।
परिजनों में कोहराम, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। तीन महीने की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव फंदे से लटका मिला है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सुसाइड नोट समेत सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।