मोतिहारी में एक महिला दारोगा के करीबी रिटायर्ड दारोगा का भ्रष्टाचार में लिप्त होने का ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में रिटायर्ड दारोगा एक दुष्कर्म पीड़िता के मेडिकल कराने के लिए उसके परिजन को लग्जरी गाड़ी बुक करने के लिए कहते हैं।
दरअसल, मोतिहारी के हरसिद्धि थाना इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। इसमें पीड़िता ने हरसिद्धि थाना को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी।थाना में दिए आवेदन के अनुसार, नाबालिग लड़की के साथ उसके पड़ोस का लड़का सेराज अंसारी शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच करते हुए लड़की के मेडिकल जांच कराने का फैसला किया। अब इस केस के आईओ पीड़ित परिवार से मेडिकल जांच करने के लिए वाहन का खर्चा पीड़ित को ही उठाने को कहता है, जिसका ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: रेलवे स्टेशन पर तड़प-तड़प कर हुई थी लड़की की मौत, मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
वायरल ऑडियो में आईओ के करीबी एक रिटायर्ड दारोगा यह कहता है कि हम पहले ही कहे थे कि केस में खर्चा तो आएगा ही। आपको पैसा का दिक्कत था तो केस क्यों किए। अब इस तरह के ऑडियो वायरल होने से लोग तरह-तरह का चर्चा करने लगे हैं। एक तरफ मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बेहतर पुलिसिंग के लिए रोज नए-नए तरकीब निकाल रहे हैं तो दूसरी तरफ कुछ पुलिस वाले ही उनके सपने को चकनाचूर करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: शादी की खुशियां मातम में बदली, गैस सिलेंडर ब्लास्ट से पंडाल समेत लाखों की संपत्ति जली
बहरहाल, मोतिहारी एसपी ने ऑडियो की सूचना मिलते ही भ्रष्टाचार में लिप्त महिला एसआई को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पूरे मामले का अरेराज एसडीपीओ से जांच कराया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला एसआई पिंकी कुमारी को अविलंब निलंबित किया गया है।