वैशाली जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 24 जनवरी को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जिले के जंदाहा प्रखंड अंतर्गत बसंतपुर पंचायत स्थित पानापुर बटेश्वरनाथ धाम क्षेत्र को विकास के नए रंग में सजाया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शनिवार को करीब दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल के समीप बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे पानापुर बटेश्वरनाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत विकसित किए गए पोखर का निरीक्षण करेंगे, जिसे जीविका दीदियों के हवाले किया जाएगा। मुख्यमंत्री पोखर के समीप स्थित नवनिर्मित पुस्तकालय और सौर ऊर्जा से संचालित मोटर पंप का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वे सरकारी स्तर पर स्वीकृत राजकीय पर्यटक स्थल बाबा वटेश्वरनाथ धाम पहुंचकर दर्शन और अवलोकन करेंगे।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल के पास अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान जिले के लिए हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद भव्य पंडाल में आयोजित विशाल जनसभा को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री करीब तीन घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे।
महुआ और जंदाहा में सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियों का लिया गया जायजा
मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां भी अंतिम दौर में हैं। महुआ और जंदाहा प्रखंड क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष टीम के अधिकारियों ने स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने महुआ पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों और हेलीपैड निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया। समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री महुआ भी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर आदर्श मध्य विद्यालय सिंघाड़ा स्थित महाराणा प्रताप खेल मैदान में दो बड़े हेलीपैड का निर्माण कराया गया है। वहीं, सड़कों के चारों ओर बैरिकेडिंग का कार्य भी अंतिम चरण में है।
ये भी पढ़ें:
बोधगया के कालचक्र मैदान में तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव का उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री हुए शामिल
महुआ मेडिकल कॉलेज का सपना होगा साकार
महुआ और आसपास के क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। नगर परिषद महुआ के छतवारा में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनकर तैयार है। मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक भवन के कई ब्लॉक, आवासीय भवन और ओपीडी भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।
भवन के अंदर आवश्यक सभी सुविधाएं और सामग्री स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि मेडिकल उपकरणों का अधिष्ठापन कार्य तेजी से जारी है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान 24 जनवरी को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
463 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला और निर्माण एजेंसियां दिन-रात एक कर अंतिम तैयारियों में जुटी हैं। उल्लेखनीय है कि महुआ के छतवारा में कृषि विभाग की लगभग 22 एकड़ भूमि पर बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन, पटना द्वारा करीब 463 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। इस मेडिकल कॉलेज का 9 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना से रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया था। अब निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और जल्द ही यह क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा के रूप में सामने आएगा।