बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में मुजफ्फरपुर की अनुष्का कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्ट्स स्ट्रीम में राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 94.2% अंक (471 अंक) हासिल कर यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है। इससे पहले अनुष्का ने मैट्रिक परीक्षा में भी 91% अंक प्राप्त कर अपनी काबिलियत का परिचय दिया था। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। घर पर दादा-दादी, माता-पिता और चाचा-चाची मिठाई खिलाकर जश्न मना रहे हैं। छोटी बहन भी अपनी दीदी को प्रेरणा स्रोत मानती है और उनकी इस सफलता से बेहद खुश है।
‘सपने तभी देखें जब उन्हें पूरा करने का हौसला हो’
अनुष्का अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और चाचा को देती हैं। उनके चाचा एक निजी कोचिंग संस्थान चलाते हैं और उन्हीं के मार्गदर्शन में उन्होंने बेहतर रणनीति और समर्पण के साथ पढ़ाई की। अनुष्का का सपना लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में जाने का है। उन्होंने बताया कि मैंने पहले ही तय कर लिया था कि मुझे ग्रेजुएशन में राजनीतिक विज्ञान लेना है और आगे चलकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करनी है। उन्होंने कहा कि सेल्फ स्टडी उनके सफलता का सबसे बड़ा मूल मंत्र है। वे मुजफ्फरपुर के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं और ज्यादातर खुद से पढ़ाई कर इस मुकाम तक पहुंची हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Board:इंटर स्टेट टॉपर प्रिया जायसवाल छोटे से स्कूल की छात्रा हैं; जानें, कैसे हासिल किया अव्वल स्थान
‘ऐसी बेटी हर किसी को मिले, सभी बेटियों को पढ़ाना चाहए’
अनुष्का के पिता अमित कुमार ज्वेलरी कारीगर हैं और रोजाना दरभंगा तक आना-जाना करते हैं। उन्होंने कहा कि अनुष्का ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि बेटियां भी किसी से कम नहीं होतीं। उसने अपनी पढ़ाई को लेकर जिस तरह से समर्पण दिखाया, वह काबिले तारीफ है। अनुष्का की मां रेखा कुमारी ने भी अपनी बेटी की मेहनत को सराहा और कहा कि रात-रात भर जागकर पढ़ाई करना उसकी आदत थी। कभी-कभी हम उसे डांटते भी थे, लेकिन उसकी लगन देखकर हमने उसे पूरी आजादी दी। आज उसी मेहनत का नतीजा है कि हमारी बेटी बिहार की सेकंड टॉपर बनी है। उन्होंने सभी माता-पिता से बेटियों को पढ़ाने और उनके सपनों को समर्थन देने की अपील की।
यह भी पढ़ें- Bihar Board 12th result:मधुबनी की बेटी सृष्टि कुमारी बनीं बिहार टॉपर, कॉमर्स में पाया तीसरा स्थान
सेल्फ स्टडी और चाचा का मार्गदर्शन बना सफलता की कुंजी
अनुष्का ने अपनी सफलता का एक महत्वपूर्ण कारण बेहतर मार्गदर्शन को बताया। उनके चाचा, जो एक निजी कोचिंग संस्थान चलाते हैं, पढ़ाई के दौरान हर कदम पर उनका मार्गदर्शन करते रहे। उन्होंने कहा कि मेरे चाचा ने हमेशा मुझे सही दिशा दी। वे बताते थे कि कितना पढ़ाई करनी है, किस विषय पर ज्यादा ध्यान देना है और समय का सही प्रबंधन कैसे करना है। यही कारण है कि अनुष्का ने बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान में जाए खुद की मेहनत और स्मार्ट स्टडी से इतना शानदार परिणाम हासिल किया।
मुजफ्फरपुर को अनुष्का पर गर्व
अनुष्का की इस उपलब्धि से मुजफ्फरपुर जिले में जश्न का माहौल है। शिक्षकों, दोस्तों और स्थानीय नेताओं ने उनके घर जाकर बधाई दी। स्कूल और कॉलेज प्रशासन ने भी जल्द ही उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि अनुष्का की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत और लगन से अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Board 12th Result:पिता चलाते हैं टेंपो, बेटी बनी कॉमर्स टॉपर; आर्ट्स और साइंस में भी बेटियों का दबदबा
बिहार बोर्ड करेगा सम्मानित
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसमें उन्हें राशि पुरस्कार, लैपटॉप और किंडल ई-रीडर दिया जाएगा।