सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में दो टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में अन्य पांच लोग घायल हो गए। घटना जिले के लौरिया नरकटियागंज मार्ग में जुड़ी मियां चौक के पास पंप की है।
मृतक की पहचान लौरिया थानाक्षेत्र के बेलवा लखनपुर पंचायत के जवाहिरपुर गांव के दिवंगत प्रभुनाथ तिवारी के बेटे संतोष तिवारी (43) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान श्रीराम पंडित के बेटे विकास, आकाश, शीतल कुमारी, जगन्नाथ पंडित की पत्नी अनारकली देवी, जयराम पंडित की बेटी छवि कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, नरकटियागंज से लौरिया की ओर आ रही कार के चालक ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को अपनी गाड़ी पर लादकर लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जानकारी की अनुसार, लौरिया नगर पंचायत के वार्ड-7 के श्रीराम पंडित अपने बेटे विकास कुमार (5) का मुंडन कराने लौरिया से सपरिवार एक पंडित के साथ टेंपो से जा रहे थे। जहां जुड़ी मियां टोला के पास विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टेंपो पर कई यात्री सवार थे। इधर, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखकर बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
वहीं, शिकारपुर थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त टेंपो को जब्त कर थाना लाया जा रहा है। अभी तक किसी ने कोई आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।