अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजन तथा पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लौरिया-बेतिया एनएच-727 पर स्थित मुन्ना मोटानी मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और टेंपो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
घायलों की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, इस सड़क हादसे में लौरिया थाना क्षेत्र के मरिया गांव निवासी सत्या मियां की 35 वर्षीय पत्नी रंभा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए पांच लोगों की पहचान विक्रम प्रसाद (पुत्र विश्वनाथ प्रसाद निवासी जोगापट्टी थाना क्षेत्र), मुन्ना खां (पुत्र मनीर खां), संध्या देवी (पत्नी रामजी शर्मा निवासी अमेठिया गांव) और प्रतिमा देवी (पत्नी शंभू शर्मा) के रूप में हुई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
चश्मदीदों ने बताई पूरी कहानी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टेंपो में सवार लोग शनिचरी से लौरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लौरिया पीएचसी भेजा गया। हालांकि घायलों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, दो घायलों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें विशेष चिकित्सा देखरेख में रखा गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस दर्दनाक हादसे के बाद तेज रफ्तार कार का चालक मौके से फरार हो गया। इधर, लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से कार और टेंपो को जब्त कर लिया गया है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।