बिहार के बेतिया में भूमिहीन गरीब परिवारों को सरकार द्वारा भूमि अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। हालांकि, सरकार ने भूमिहीन गरीब परिवारों को रहने के लिए जमीन देने का वादा किया है। उक्त लोग पिछले तीन साल से अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। वहीं, पीड़ितों ने प्रखंड मुख्यालय पर जमकर बवाल काटा है। मामला पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड का है।
पीड़ितों का नेतृत्व करते हुए जनसुराज के जिला मुख्य प्रवक्ता इंजीनियर सिकंदर चंद्रा ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों के भूमिहीन दलित तथा गरीब परिवारों को आज तक रहने के लिए सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध नहीं कराया गया। जबकि सरकार ने सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को जमीन देने का वादा किया है। सभी भूमिहीन परिवार पिछले कई साल से ब्लॉक तथा जिला कार्यालय के चक्कर काटते-काटते काफी बेबस हो चुके हैं। बवाल काट रहे लोगों ने सरकार पर आरोप लगाते हुए बताया कि भ्रष्ट नीतीश सरकार के कोई अधिकारी अभी तक इनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वहीं, जिला मुख्य प्रवक्ता इंजीनियर सिकंदर चंद्रा ने इन भूमिहीन परिवारों के लौरिया प्रखंड कार्यालय पर एक दिवसीय धरना में शामिल होकर उनके आवाज को बुलंद किया और मीडिया के माध्यम से जिला अधिकारी से आग्रह किया कि इन परिवारों के समस्याओं का अविलंब समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि नीतीश सरकार में सभी अंचल कार्यालय दलालों की अड्डा बन चुकी है। उसका जीता जगता उदाहरण है कि आम जनता से जाति प्रमाण पत्र, भूमि परिमार्जन एवं अन्य अंचल स्तर पर के कागजी सुधार के नाम पर राशि की उगाही की जा रही है। प्रखंड स्तर पर इस समस्या का समाधान 15 दिनों के अंदर नहीं किया गया तो जनसुराज इस बेबस परिवारों के आवाज को उठाएगी और 15 दिनों के बाद जिलाधिकारी का घेराव करेगी।
साथ ही साथ ई. चंद्रा ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर में इन सभी परिवारों को लेकर सत्याग्रह आश्रम जाऊंगा और आदरणीय प्रशांत किशोर इनके समस्याओं के समाधान के लिए राज्य तथा देश स्तर पर उठाएंगे। वहीं, इस धरने में दलित परिवार तथा गरीब परिवार के सैकड़ों पुरुष महिलाएं मौजूद रहे। वहीं, परेमा देवी, गुलाइची देवी, लालझरी देवी, जीवंती देवी और कुंती देवी ने अग्रणी भूमिका निभाई।
इस अभियान को मजबूत करने के लिए नागरिक राजनीतहक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरमान साईं, सचिव नागेश्वर यादव, मुकेश कुमार आंबेडकर, अंचल सचिव सुनील मिश्रा ने संयुक्त रूप से बताया कि पिछले तीन साल से हम लोग जमीन आवंटन के लिए लगातार अंचल अधिकारी के कार्यालय, जिला कार्यालय तथा मुख्यमंत्री का चक्कर काटते-काटते थक चुके हैं। लेकिन कोई अधिकारी हम लोग का सुध नहीं ले रहे हैं। वहीं, इस मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरमान साईं, जिला सचिव नागेश्वर यादव, गुड्डू मांझी, भोज मांझी, भोज बैठा, मुकेश आंबेडकर, ब्रजेश यादव तथा जनसुराज के मुख्य प्रवक्ता ई. सिकंदर चंद्रा ने सीईओ को ज्ञापन सौंपा।