अस्पताल मे इलाजरत घायल - फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की धड़कनें बढ़ा दीं। शिकारपुर थाना क्षेत्र के जयमंगलापुर गांव के पास टेंपो और बोलेरो की आमने-सामने भीषण टक्कर में 17 वर्षीय परीक्षार्थी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर
बताया गया है कि छात्रा परीक्षा देने के लिए टेंपो में बैठकर निकली थी। घरवालों की दुआओं और भविष्य के सुनहरे सपनों को साथ लेकर वह परीक्षा केंद्र की ओर जा रही थी। लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आकर टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। किसी ने घायलों को संभाला, तो किसी ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में शिकारपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।
छात्रा और टेंपो चालक रेफर
अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल छात्रा समेत चार लोगों को लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रा और टेंपो चालक बलिस्टर सिंह को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, छात्रा और चालक को गंभीर चोटें आई हैं,
जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:
CSP सेंटर पर पैसा निकालने गए दलित दंपत्ति के साथ मारपीट, आरोपियों ने छिने सोने के गहने
पुलिस ने क्या बताया?
थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।