पश्चिमी चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार रात ग्रामीणों ने एक नाबालिग प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया। किसी तरह नाबालिग लड़की वहां से भागकर अपने घर पहुंच गई, जबकि नाबालिग लड़के को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया।
आरोप है कि लड़के के हाथ बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, बाल काट दिए गए, निर्वस्त्र किया गया और शुक्रवार सुबह उसके चेहरे पर कालिख पोतकर चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग लड़की गहरे मानसिक दबाव और सामाजिक अपमान में चली गई। इसी तनाव के बीच उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में मामले को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन मृतका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में एफएसएल टीम ने पहुंचकर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पढे़ं: भागलपुर में दिनदहाड़े गोलीकांड, प्राइवेट कंपाउंडर की हालत नाजुक; हायर सेंटर किया गया रेफर
मृतका के परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनकी नाबालिग बेटी को घर से बुलाया और लड़के के साथ फंसाकर उस पर झूठे व आपत्तिजनक आरोप लगाए। परिजनों का यह भी कहना है कि दोनों नाबालिगों के साथ मारपीट की गई और वीडियो वायरल कर दिया गया। उन्होंने पंच पति इश्तेखार अहमद, उनकी पत्नी रवैया समेत अन्य ग्रामीणों पर हत्या का आरोप लगाया है।
हालांकि पुलिस ने पंच पति इश्तेखार अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि नाबालिग के फंदे से लटकने की सूचना मिली है। मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच कर रही है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।