मुर्गी फॉर्म में लगी आग, मौके पर मौजूद स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी पंचायत के वार्ड 6 और वार्ड 7 में देर रात दो अलग-अलग मुर्गी फार्म में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगा दी गई। पहले वार्ड 6 में आग लगी, जिसे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद वार्ड 7 स्थित दूसरे फार्म में भी आग लगा दी गई, जिससे पूरा शेड, दाना और सैकड़ों मुर्गियां जलकर राख हो गईं। घटना से ग्रामीण व व्यवसायी आक्रोशित हैं और इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताया जा रहा है।
शेड, मुर्गियां, मुर्गा, दाना और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था
पीड़ित संचालक राजेश सिंह ने बताया कि रात में उनके चाचा बसंत सिंह के मुर्गी फार्म में आग लगा दी गई। स्थानीय लोगों और परिवार के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन सुबह सूचना मिली कि राजेश सिंह के अपने फार्म में भी आग लगा दी गई है। घटनास्थल पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि पूरा शेड, मुर्गियां, मुर्गा, दाना और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था।
साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ
राजेश सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पिछले साल भी मेरे फार्म में आग लगा दी गई थी। कोई असामाजिक तत्व जानबूझकर हमारे व्यवसाय को नुकसान पहुंचा रहा है। पुलिस जांच करे और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो। उन्होंने बताया कि इस बार की घटना में साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: कलयुगी मां ने नवजात को बेचा, आशा कार्यकर्ता बनी बिचौलिया; पुलिस ने बच्चा बरामद किया
फार्म संचालकों से लिखित आवेदन मांगा गया
गायघाट थाना पुलिस का कहना है कि मैठी पंचायत में दोनों मुर्गी फार्म में आग लगने की पुष्टि हुई है। एक फार्म को बचा लिया गया, जबकि दूसरा पूरी तरह जल गया। पुलिस ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है। फार्म संचालकों से लिखित आवेदन मांगा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच जारी है।