फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, नाबालिग से डेढ़ साल तक दुष्कर्म का आरोप; पिता गिरफ्तार

Mon, 24 Aug 2026 09:45 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बेटी से करीब डेढ़ साल तक जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में 46 वर्षीय पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
विज्ञापन
( प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग बेटी से करीब डेढ़ साल तक जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने उसके 46 वर्षीय पिता को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, मामले की आगे की जांच के लिए पीड़िता को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।

डेढ़ साल तक शोषण का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी मां की वर्ष 2019 में मौत हो चुकी है। उसके दो छोटे भाई भी हैं। आरोप है कि पिता करीब डेढ़ साल से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। पीड़िता के अनुसार, जब वह इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। साथ ही किसी को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी अपने बड़े पिता और बड़ी मां को दी।

दोबारा संबंध बनाने की कोशिश, डायल 112 पर दी सूचना

पीड़िता के मुताबिक, परिवार के लोगों को जानकारी देने के बाद भी आरोपी ने उसके साथ दोबारा जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर डायल 112 पर फोन किया और पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजी गई पीड़िता

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उसे श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और मामले की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

पूरे मामले को लेकर सरैया थाना के थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

विज्ञापन

उन्होंने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें