सार
मुंगेर के दरियापुर गांव में घर में सो रहे युवक नीतीश कुमार की हथौड़े और धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। परिजनों ने प्रेम विवाह की रंजिश में हमला होने का आरोप लगाया है। आशंका है कि हमलावर उसके भाई को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन पहचान की गलती में वारदात हो गई।
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर में सो रहे एक युवक की हथौड़े और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है। परिजनों ने प्रेम विवाह की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दुकान लगाकर पालन-पोषण करता था परिवार
मृतक की पहचान कपिलदेव बिंद के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश अपने भाइयों के साथ मेले में चाट-चाउमीन की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार देर रात वह चंदवली स्थान में लगे यज्ञ मेले से दुकान बंद कर घर लौटा था। घर के नए बने हिस्से में वह एक कमरे में सोया था, जबकि उसका भाई मनीष दूसरे कमरे में था।
शरीर पर मिले चोट के निशान
परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे घर के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देख परिवार को शक हुआ। जब कमरे में जाकर देखा गया तो नीतीश खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ा था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। वहीं, उसका भाई कमरे में मौजूद नहीं था। आनन-फानन में परिजन उसे हवेली खड़गपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
Bihar: कांप रहा डुमरिया घाट पुल! 110 टन की क्षमता पर गुजरा 210 टन का ट्रक, अब टूटे पुर्जों के सहारे टिका सफर
गांव की युवती से किया था प्रेम विवाह
मृतक के चचेरे भाई तुलसी कुमार ने बताया कि नीतीश के छोटे भाई रविनंदन ने पिछले महीने गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस अंतर्जातीय विवाह से युवती के परिवार वाले नाराज चल रहे थे और लगातार धमकी दे रहे थे। परिजनों का आरोप है कि हमलावर रविनंदन को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन पहचान की गलती में उन्होंने नीतीश की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।