शेखपुरा में तेज आंधी-बारिश ने बरपाया कहर
- फोटो : अमर उजाला
शेखपुरा जिले में बुधवार की दोपहर अचानक मौसम ने रुख बदल लिया। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे जहां भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी और वर्षा ने कई क्षेत्रों में कहर भी बरपाया।
मौसम में इस अचानक बदलाव के कारण जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, बारिश शुरू होते ही खेतों में हरियाली की उम्मीद लेकर किसान भी सक्रिय हो उठे। किसानों ने बताया कि अब वे धान की बुआई की तैयारी में जुटेंगे और नर्सरी बनाने का कार्य तेजी से शुरू करेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मसौढ़ी जेल में वायरल शराब पार्टी वीडियो मामला, DIG की जांच के बाद कई कैदियों पर प्राथमिकी दर्ज
लेकिन इस मौसम परिवर्तन की सबसे बड़ी मार शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र के पचना गांव के पास एक शादी समारोह पर पड़ी। यहां शादी के लिए लगाया गया विशाल पंडाल तेज हवा की चपेट में आकर उखड़ गया और सीधा सड़क पर जा गिरा। बांस और तिरपाल सहित अन्य सामग्री सड़क पर बिखर जाने से कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर गिरे पंडाल के अवशेषों को हटाया, तब जाकर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह मौसम की अप्रत्याशित ताकत का स्पष्ट उदाहरण बन गया। मौसम विभाग की ओर से पहले से कोई अलर्ट नहीं था, जिससे लोग पूरी तरह से अनभिज्ञ थे। लोग बिजली बहाली और मौसम के अगले रुख को लेकर चिंतित हो गए।
यह भी पढ़ें- Bihar Rape Cases: दुष्कर्म पीड़िताओं को न्याय दिलाने सड़क पर उतरे लोग, स्वास्थ्य मंत्री पर लगे गंभीर आरोप