राजेंद्र चौक पर लगाया गया बैरिकेडिंग
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
खगड़िया शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले राजेन्द्र चौक के गोलंबर को ट्रैफिक पुलिस ने एक ओर से पूरी तरह से बंद कर दिया है। इससे रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। चालकों को अब सकरी गलियों से यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने की असली वजह राजेन्द्र चौक पर सड़क किनारे पसरी फुटकर दुकानों का अतिक्रमण है। बावजूद इसके, न तो नगर परिषद प्रशासन और न ही ट्रैफिक पुलिस इन दुकानों को हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई कर रही है। उल्टे, ट्रैफिक पुलिस ने गोलंबर को बंद कर राहगीरों और वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ा दी है।
पढ़ें: सात सालों बाद भी नहीं मिला गंडक नदी के नये पुल से आवागमन, निर्माण के 2 माह बाद ही हो गया था क्षतिग्रस्त
बड़े वाहनों को हो रही ज्यादा परेशानी
राजेन्द्र चौक से होकर शहर के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों की ओर जाने वाले मार्गों पर प्रतिदिन करीब 3 से 4 हजार वाहन गुजरते हैं। एमजी रोड की ओर से जो वाहन रेलवे लाइन पार करना चाहते हैं, उन्हें अब एनएसी रोड चौराहा तक जाकर यू-टर्न लेना पड़ रहा है। छोटे वाहन चालक तो किसी तरह निकल जा रहे हैं, लेकिन बड़े वाहनों को टर्निंग की जगह न मिलने से खासी दिक्कत हो रही है।
अतिक्रमण पर नहीं हो रही कार्रवाई
सुबह से देर शाम तक राजेन्द्र चौक पर जाम की स्थिति बनी रहती है। फुटकर विक्रेता सड़क पर ही फल और सब्जियों की दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब समस्या की जड़ फुटकर दुकानों का अतिक्रमण है, तो ट्रैफिक पुलिस गोलंबर को बंद कर के रास्ता क्यों जटिल बना रही है?