पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में राजद नेता गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट करने के मामले में राजद नगर अध्यक्ष सैयद जुनैद मखमूर को कासिम बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री से संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायत मिलने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फेसबुक पर तस्वीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि देने का पोस्ट
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सैयद जुनैद मखमूर ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि देने वाला एक पोस्ट साझा किया था। आरोप है कि इस पोस्ट में प्रधानमंत्री को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप, अगरबत्ती और लाइट जलाने को लेकर टिप्पणी की गई थी। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेता ने एसपी से की कार्रवाई की मांग
भाजपा अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन ने इस मामले की जानकारी एसपी को देते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने धारा 370 और तीन तलाक जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए राजद नेता पर राजनीतिक खुन्नस में टिप्पणी करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों में मिले सम्मान का भी जिक्र किया।
थानाध्यक्ष बोले- सुसंगत धाराओं में दर्ज की गई प्राथमिकी
कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र, अपमानजनक और आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में सैयद जुनैद मखमूर को गिरफ्तार किया गया है। उनके बयान पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।