हवेली खड़गपुर प्रखंड में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। रविवार को अनुमंडल कार्यालय रोड स्थित गैस गोदाम के समीप संचालित आरोही सेवा सदन नामक एक अवैध क्लिनिक में प्रसव के दौरान 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान शामपुर थाना क्षेत्र के बहिरा पंचायत के रघुनाथपुर बनारसीबासा गांव निवासी प्रवेश यादव की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। परिवार वालों के अनुसार, पूजा को शनिवार देर शाम प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा कार्यकर्ता की सलाह पर उक्त क्लिनिक में भर्ती कराया गया था।
रविवार सुबह ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ और नवजात को स्वस्थ बताया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने पूजा को खून की कमी बताकर रक्त चढ़ाया, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ती गई। गंभीर स्थिति में उसे मुंगेर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने क्लिनिक के बाहर हंगामा करते हुए लापरवाही के लिए क्लिनिक संचालकों को जिम्मेदार ठहराया और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें: रिमांड होम में बाल कैदी ने किया सुसाइड, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव; पांच दिन पहले आया था
बताया गया कि क्लिनिक में एडमिट करने के नाम पर मोटी रकम की मांग की गई थी, जिसे परिवार वालों ने पूरा किया। घटना के बाद क्लिनिक संचालक मौके से सारा सामान समेटकर फरार हो गए। परिजनों ने मृतका का शव क्लिनिक के मुख्य द्वार पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना डायल 112 पर दे दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में चल रहे अवैध क्लिनिकों पर तत्काल छापेमारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।