बिहार के बेगूसराय जिले से छठ पर्व के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बछवारा थाना क्षेत्र के विष्णुपुर दियारा में जमीन विवाद को लेकर भतीजे ने अपने ही चाचा को गोली मार दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घायल व्यक्ति को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान बछवारा थाना क्षेत्र के सम्शीपुर वार्ड संख्या-3 निवासी 50 वर्षीय राम प्रताप राय के रूप में हुई है। उन्हें गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जमीन विवाद पुराना, पहले भी हो चुकी है मारपीट
जानकारी के अनुसार, परिवार के बीच जमीन को लेकर पिछले वर्ष से ही विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी और मामला बछवारा थाना में दर्ज कराया गया था। बताया जाता है कि रविवार सुबह पुलिस ने राम प्रताप राय के दोनों बेटों को गिरफ्तार कर थाने ले गई थी। राम प्रताप राय अपने बेटों को छुड़ाने के बाद घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनके भतीजे और उसके साथियों ने घेरकर उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पढ़ें: महापर्व छठ को लेकर बेगूसराय प्रशासन अलर्ट, 160 घाटों पर तैनात दंडाधिकारी; जारी हुई गाइडलाइन
डीएसपी ने बताया– पुराना विवाद ही वजह
घटना की सूचना मिलते ही तेघरा डीएसपी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच चल रहे पुराने जमीन विवाद के कारण ही यह गोलीकांड हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।