मृतक ऋषि राज और मृतका वैष्णवी सिंह
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के तारापुर थानाक्षेत्र के बिहमा पंचायत के माहपुर गांव में सोमवार को कुएं में डूबने से ममेरे-फुफेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान माहपुर गांव निवासी मनीष देव के सात वर्षीय बेटे ऋषि राज और असरगंज थानाक्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी राकेश कुमार की पांच वर्षीय बेटे वैष्णवी सिंह के रूप में हुई।
खेलते-खेलते गई मासूमों की जान
परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे सोमवार को खेलने के लिए घर से बाहर निकले थे। जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर के पास मुख्य सड़क से सटे कुएं में झांकने पर बच्चों के अंदर होने का पता चला। ग्रामीणों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तारापुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर
ऋषि राज दो भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि वैष्णवी दो बहनों में बड़ी थी। इस हादसे ने दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया है। हर ओर मातमी सन्नाटा पसरा है और ग्रामीणों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।
विधायक और प्रशासन ने दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही तारापुर के जदयू विधायक राजीव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन कुमार और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। विधायक ने इस घटना को क्षेत्र के लिए बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि दोनों बच्चों की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा राहत योजना के तहत परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
दो मासूमों की असमय मौत ने पूरे माहपुर गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीण प्रशासन से आग्रह कर रहे हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए कुओं पर उचित ढक्कन लगाए जाएं।