खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड के बेला नवादा गांव में मंगलवार सुबह खेत में काम कर रहे दंपति पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में पत्नी ज्योति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति राजेश शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए।
खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड के बेला नवादा गांव में मंगलवार सुबह खेत में काम कर रहे दंपति पर आकाशीय बिजली गिरने से पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे 32 वर्षीय ज्योति देवी अपने पति राजेश शर्मा (40) के साथ गुदहा बहियार इलाके के धान के खेत में खरपतवार हटा रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के बीच बिजली गिर गई, जो सीधे दंपति पर आ टकराई।
हादसे में ज्योति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेलदौर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।