मुंगेर शहर में एक बार फिर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित मध्य विद्यालय फरदा के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिन्हा के बंद घर में चोरों ने धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। बताया गया कि अशोक कुमार सिन्हा 16 जून को अपनी पत्नी के साथ पटना स्थित बीमार बहन को देखने गए थे। घर छोड़ने से पहले उन्होंने देखरेख की जिम्मेदारी पड़ोसी राजेश कुमार को सौंपी थी और चाबी भी दी थी, लेकिन पड़ोसी ने समय पर घर की निगरानी नहीं की। इसी बीच चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया।
पढ़ें: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति द्वारा पिटाई का वीडियो वायरल
पटना से लौटने पर जब प्रधानाध्यापक अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। भीतर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। गोदरेज की अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे नकद रुपये, जेवर व अन्य सामान गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अशोक कुमार सिन्हा ने थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन दिया है।
उन्होंने कहा कि हम 16 जून को पटना गए थे। लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अलमारी से नकदी और जेवरात गायब हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है। लगभग पांच लाख रुपये की चोरी हुई है। कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।