मुंगेर जिले के श्यामपुर गंगा घाट पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गंगा स्नान के दौरान पांच बच्चियां अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई। देर शाम तक एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अन्य लापता बच्चियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, वासुदेवपुर थाना क्षेत्र निवासी क्रांति पासवान की चार पुत्रियां- संगीता कुमारी, विनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनाली कुमारी तथा चानो पासवान की पुत्री हीना कुमारी श्यामपुर गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान सभी बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा में बहने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने बच्चियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर वासुदेवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा जिला गोताखोरों की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने देर शाम एक बच्ची का शव बरामद होने की पुष्टि की है। वहीं अन्य लापता बच्चियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। बचाव दल नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं।
हादसे के बाद श्यामपुर और आसपास के गांवों में मातम का माहौल है। परिजन गंगा घाट पर डटे हुए हैं और अपनी बच्चियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव अभियान को और तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी बच्चियों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।