बिहार के मुंगेर जिले में अपराधियों ने जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा पाठक टोला गांव की है, जहां बुधवार देर रात जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के आवास को निशाना बनाया गया। अचानक हुई गोलीबारी से पूरा गांव दहल उठा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए। शुरुआती तौर पर जमीन विवाद को गोलीबारी की वजह माना जा रहा है।
जमीन पर कब्जे का विरोध कर रहे थे जदयू नेता
राजीव रंजन उर्फ बबलू झा ने बताया कि कुछ भू-माफिया उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। वह लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को वह दिनभर नीतीश संवाद कार्यक्रम के तहत पंचायत में आयोजित बैठकों में व्यस्त थे। शाम को घर लौटने के कुछ देर बाद ही अपराधियों ने उनके आवास पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्य सहम गए। बबलू झा ने आशंका जताई कि जमीन विवाद को लेकर ही अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मौके से सात खोखे बरामद, दर्जनों राउंड फायरिंग का दावा
घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सात खोखे बरामद कर साक्ष्य जुटाए। स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में भी सात खोखे दिखाई देने की बात कही जा रही है। वहीं, पीड़ित पक्ष का दावा है कि अपराधियों ने दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस कर रही आसपास के लोगों से पूछताछ
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही जमीन विवाद समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। वारदात के बाद रतैठा पाठक टोला गांव में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार भयभीत है।