आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
- फोटो : Amar Ujala
लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के जतकुटिया गांव में शनिवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान जतकुटिया गांव निवासी स्वर्गीय बनारसी यादव के 48 वर्षीय पुत्र गणेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गणेश यादव रोज की तरह शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पशुओं को चराने के लिए जतकुटिया बहियार गए थे।
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके, तभी हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गणेश यादव पास में स्थित एक आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
परिवार में मचा कोहराम
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि गणेश यादव मेहनती और मिलनसार किसान थे। वे खेती-बाड़ी और पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असामयिक निधन से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: पटना में कॉकरोच जनता पार्टी का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर AISA ने किया समर्थन
राहत सहायता की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि गणेश यादव परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनके निधन के बाद परिवार की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। गांव में इस दुखद घटना के बाद मातम का माहौल है और लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।