Bihar: गोताखोर जितेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि कष्टहरणी घाट में लगे जाल में एक अज्ञात शव फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर हम मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
मुंगेर शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कष्टहरणी गंगा घाट के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार को घाट पर तैनात गोताखोरों को सूचना मिली कि गंगा नदी के उत्तर दिशा में एक शव पानी में तैर रहा है। इसके बाद गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी।
विज्ञापन
सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने का निशान पाया गया, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास से युवक की चप्पल, झोला और एक गमछा भी बरामद किया गया है। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
गोताखोर जितेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि कष्टहरणी घाट में लगे जाल में एक अज्ञात शव फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर हम मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। शव के पास झोला, चप्पल और गमछा भी मिला है। देखने से प्रतीत होता है कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है और शव लगभग 24 घंटे पुराना है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवक के सिर पर गोली लगने का निशान है, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अब आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि युवक की पहचान की जा सके और हत्या के कारणों का खुलासा हो सके।