मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या एक परोरा टोला (कुतलुपुर) की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप राजद की ओर से लगाया गया है। राजद के पूर्व प्रत्याशी अविनाश कुमार विद्यार्थी उर्फ मुकेश यादव ने दावा किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में शहरी क्षेत्र के मतदाताओं के नाम गंगा पार के मतदान केंद्रों में जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने इसे "वोट की चोरी" करार दिया है।
राजद नेता ने कहा कि उन्होंने जब परोरा टोला स्थित बूथ संख्या एक की एसआईआर के बाद की मतदाता सूची डाउनलोड की, तो पाया कि उसमें नौलक्खा और नगर निगम क्षेत्र के कई निवासियों के नाम जोड़ दिए गए हैं। उनका आरोप है कि परोरा टोला में मुस्लिम समुदाय का एक भी घर नहीं है, फिर भी वहां सूफी परवीन, मोहम्मद जफर, मोहम्मद इबारान, मोहम्मद तौफीक, जरीन खान जैसे मुस्लिम मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जो वहां के निवासी नहीं हैं।
पढ़ें: गया जी में 6 घंटे के ऑपरेशन के बाद अपहृत युवक की रिहाई, फिरौती मांगने वाले 9 आरोपियों पर मामला दर्ज
इसके अलावा सूची में सुजित कुमार और प्रियंका देवी जैसे अन्य नाम भी शामिल हैं, जो कथित रूप से स्थानीय नहीं हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में भी इनका नाम इस बूथ पर नहीं था। राजद नेता ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को नेता प्रतिपक्ष तक पहुँचाया जाएगा और इसकी शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त से भी की जाएगी। साथ ही, उन्होंने मांग की कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका इस गड़बड़ी में सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।