खगड़िया डीएम विक्रम विरकर एवं एसपी भानु प्रताप सिंह सम्मानित करते हुये
70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर खगड़िया का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को डीएम विक्रम विरकर और एसपी भानु प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में अंडर-17 वर्ग के 15 वर्षीय उज्ज्वल कुमार और अंडर-14 वर्ग की 12 वर्षीय रिमझिम कुमारी शामिल हैं। दोनों ने रग्बी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की अंडर-17 पुरुष टीम ने फाइनल में ओडिशा को 17-7 से हराया। इस टीम में उज्ज्वल कुमार शामिल थे। वहीं, अंडर-15 महिला टीम ने फाइनल में पंजाब को 30-0 से एकतरफा शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता। इस टीम में रिमझिम कुमारी ने खगड़िया का प्रतिनिधित्व किया।
समाहरणालय में आयोजित सम्मान समारोह में डीएम विक्रम विरकर और एसपी भानु प्रताप सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना जिले के लिए गर्व और गौरव की बात है। यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।