गंगा स्नान करने गए दसवीं के छात्र की हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में गंगा स्नान करने के दौरान दो युवक डूब गए। उनमें से एक युवक को लोगों ने किसी तरह डूबने से बचा लिया। जबकि दूसरे युवक को डूबने से नहीं बचाया जा सका और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना नया गांव थाना क्षेत्र के नया गांव गंगा घाट की है। मृतक व्यक्ति की पहचान नया गांव थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव निवासी प्रवीण झा के बेटे ओम कुमार झा के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि ओम कुमार अपने तीन दोस्तों के साथ गंगा घाट पर गंगा स्नान करने के लिए गया था। गंगा स्नान करने के दौरान ही ओम कुमार झा और उसका दोस्त डूबने लगे। दोनों को डूबता देख स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। इस कोशिश में किसी तरह एक युवक को डूबने से बचा लिया गया। जबकि ओम कुमार झा को नहीं बचाया जा सका।
मृतक के परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन की गई, लेकिन ओम कुमार का शव नहीं मिल सका। आज दोबारा खोजबीन की गई तो काफी मशक्कत के बाद गंगा नदी घाट से ओम कुमार झा का शव बरामद कर लिया गया। फिलहाल इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने नया गांव थाना पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक ओम कुमार झा दसवीं का छात्र था।