जमुई में विधायक आईपी गुप्ता ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने का खुला न्योता दिया। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर नीतीश चाहें तो बिना शर्त समर्थन देकर उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच सहरसा से आईआईपी विधायक आईपी गुप्ता ने बड़ा और आक्रामक बयान देकर सियासी पारा चढ़ा दिया है। जमुई में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जदयू को खुला ऑफर देते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार चाहें तो महागठबंधन बिना किसी शर्त के उनका समर्थन करने को तैयार है।
विज्ञापन
'इधर आइए, हमलोग हैं'
आईपी गुप्ता ने साफ शब्दों में कहा, “नीतीश कुमार जी, उधर क्यों देख रहे हैं? इधर आइए, हमलोग हैं। अगर वे मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं तो महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।” उनके इस बयान ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
विज्ञापन
'सीएम नीतीश कुमार को किनारे करने की साजिश रची गई है'
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने सोची-समझी रणनीति के तहत नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने का माहौल बनाया। उन्होंने कहा, “बीजेपी के नेता पहले खुद कहते थे कि नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, और अब उसी आधार पर उन्हें किनारे करने की साजिश रची गई है।” उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि अगर नीतीश कुमार आज यह कह दें कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और मुख्यमंत्री बने रहेंगे, तो बीजेपी के पास कोई जवाब नहीं होगा। “नीतीश कब क्या फैसला ले लें, ये कोई नहीं जानता, लेकिन हम तैयार हैं,”
वंशवाद के मुद्दे पर दागे सवाल
वंशवाद के मुद्दे पर भी आईपी गुप्ता ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक प्रोपेगेंडा है। उन्होंने कहा कि हर नेता पहले एक पिता होता है और अपने बच्चों को राजनीति में लाना गलत नहीं है। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव और उपेंद्र कुशवाहा का उदाहरण देते हुए कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने वाले खुद वही करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “56 इंच के सीने और हिंदुत्व के नाम पर सिर्फ नैरेटिव गढ़ा जा रहा है, जबकि देश की विदेश नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है।” अंत में उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को पटना के बापू सभागार में आईआईपी अपनी पहली वर्षगांठ मनाएगी, जिसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।