जमुई जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट की बड़ी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के पवना गांव में स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में तीन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर संचालक को बंधक बना लिया और करीब एक लाख बीस हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
दुकान में घुसकर लूट ले गए पैसे
जानकारी के अनुसार, पवना गांव निवासी श्याम सुंदर साह अपने गांव में ही एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। सोमवार दोपहर वह केंद्र पर मौजूद थे, तभी नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश चेहरे ढंके हुए थे और उनके पास पिस्तौल व चाकू जैसे हथियार थे। केंद्र में घुसते ही अपराधियों ने संचालक को हथियार दिखाकर धमकाया और बंधक बना लिया। इसके बाद काउंटर में रखी नकदी निकाल ली। कुछ ही मिनटों में करीब 1.20 लाख रुपये लूटने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ स्थानीय लोगों ने भागते हुए अपराधियों का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। वहीं CSP केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें तीनों अपराधियों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वीडियो के आधार पर जांच की जा रही
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर और मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान भी चलाया है लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के वीडियो के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।