विवाहिता ने की आत्महत्या, ससुराल पक्ष पर लगे गंभीर आरोप।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के नरियाना गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता मौसम कुमारी (26) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बेटा न होने और दो बेटियों के जन्म के बाद पति राहुल पासवान तथा ससुराल पक्ष लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके चलते मौसम मानसिक तनाव में जी रही थी।
बताया गया कि मौसम की शादी वर्ष 2020 में लखीसराय जिले के पंजाबी मोहल्ला निवासी राहुल पासवान से हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद उसने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि पहले सब ठीक था, लेकिन बेटा नहीं होने पर ससुराल वालों का उसके प्रति व्यवहार बदल गया। उसे ताने दिए जाने लगे, बात-बात पर भेदभाव किया जाता और उसे अपनाने से भी कतराया जाता था।
ससुराल वालों पर लगे गंभीर आरोप
ससुराल वाले आए दिन मौसम के साथ मारपीट करते, झगड़ा खड़ा करते और पैसों की मांग करते थे। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसके पिता अर्जुन पासवान और भाई डब्लू पासवान उसे मायके लेकर आ गए। इस मामले को लेकर जमुई न्यायालय में परिवार वाद भी दर्ज किया गया था। पंचायत और पुलिस के सामने समझौते के प्रयास भी किए गए थे। लेकिन यह प्रयास भी विफल रहे। घटना को लेकर मौसम के भाई डब्लू पासवान ने बताया कि रविवार रात सभी ने साथ भोजन किया और फिर वे एक बारात में चले गए थे।
ये भी पढ़ें- Dr. Prem Kumar : बिहार विधानसभा अध्यक्ष बने डॉ. प्रेम कुमार किस वर्ग से हैं? जानें, चुनाव से पहले क्या कहा था
घटना के दृश्य ने पूरे परिवार को स्तब्ध कर दिया
वहीं, सोमवार को मौसम के कमरे का दरवाजा खटखटाया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका होने पर दरवाजा तोड़ने पर देखा कि वह पंखे की कड़ी से फंदे में लटकी हुई थी, जबकि बगल में उसकी जुड़वा बेटियां सो रही थीं। घटना के दृश्य ने पूरे परिवार को स्तब्ध कर दिया। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जमुई सदर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं परिजनों का आरोप है कि पति राहुल पासवान और ससुराल पक्ष की लगातार प्रताड़ना ने मौसम को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया। इस घटना से ग्रामीणों के बीच गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।