Bihar: घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चोर को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को थाने लाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिहार के बेगूसराय में एक युवक को मोबाइल चोरी के आरोप में भीड़ ने पोल से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर गुमटी के पास की बताई जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार अझौर गांव निवासी बुजुर्ग रामचंद्र दास किसी काम से बेगूसराय न्यायालय गए थे। कोर्ट से लौटते वक्त वह ई-रिक्शा से उतरकर एनएच-31 पार कर रहे थे। तभी पीछे से एक युवक उनका मोबाइल झपटकर भागने लगा। शोर मचाने पर बुजुर्ग गिरकर घायल हो गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर युवक को पकड़ लिया।
लोगों ने चोर को पकड़कर सड़क किनारे एक पोल में हाथ पीछे करके गमछे और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक की पहचान राजा मल्लिक, पोखरिया निवासी, के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चोर को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को थाने लाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि छीना गया मोबाइल उसने अपने साथी को दे दिया था, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पीड़ित रामचंद्र दास ने बताया कि उनके जेब से मोबाइल छीनकर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। भीड़ की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इस घटना के बाद नगर थाना क्षेत्र में बढ़ती झपटमारी और चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।