घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण और एसडीआरएफ टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना जमुई की है, जहां आहर में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना सोनो प्रखंड अंतर्गत तिलवरिया गांव के राजाबांध आहर की है। मृत बच्चों की पहचान तिलवरिया गांव निवासी संजय किस्कू की पुत्री चांदनी कुमारी (9) और लाटो मुर्मू के पुत्र गेडम मुर्मू (8) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Police : बिहार सरकार ने एक साथ 55 डीएसपी को किया इधर से उधर, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि तीनों बच्चे पास-पड़ोस के थे और अक्सर एक साथ खेलते थे। शुक्रवार की शाम तीनों बच्चे राजाबांध आहर में नहाने गए थे। नहाते समय चांदनी और गेडम गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तीसरा बच्चा किनारे ही बैठा रहा। उन दोनो को डूबते देख तीसरे बच्चे ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना में दोनों बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें-Tejashwi Yadav: राबड़ी बोलीं- तेजस्वी की जान को खतरा, चार बार जानलेवा हमले हुए; सरकार बोली- लिखित शिकायत दें
दूसरी घटना शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सुरागाही पंचायत के कोलसो मोतनाजे गांव की है, जहां बागमती नदी में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के मुन्ना राईन के पुत्र आबिद राईन (12) और निजामुद्दीन अंसारी के पुत्र परजान अंसारी (11) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पंचायत समिति सदस्य विजय पासवान ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण कई बच्चे समीप के बागमती नदी मे नहाने गए थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों बच्चे डूब गए। बच्चों द्वारा शोरगुल करने पर ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पहले स्थानीय गोताखोरो की मदद से शव खोजने का प्रयास किया गया। काफी खोजनबीन के बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव की खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं किया जा सका है।
घटना के संबंध में सीओ कुमार रोहित ने बताया कि बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचे। फिर गोताखोर टीम से शव की खोजबीन की जा रही है। सीओ कुमार रोहित ने बताया कि शव की खोजबीन जारी है। इधर घटना के सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।