कुलाधिपति सह राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान कल यानी शनिवार को मुंगेर आएंगे। वे यहां आरडी एंड डीजे कालेज परिसर में आयोजित मुंगेर विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षा समारोह में शामिल होंगे तथा इसकी अध्यक्षता भी करेंगे। इसके अलावा वे श्रीकृष्ण सेवा सदन पुस्तकालय जाएंगे। यहां वे आधुनिक बिहार के शिल्पकार तथा प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के जीवन से जुड़ी वस्तुओं तथा उनके विरासतों से अवगत होंगे।
बता दें कि उनका हेलीकॉप्टर पांच नंबर रेलवे गुमटी के पास स्थित आरडी एंड डीजे कालेज के खेल मैदान में बने हेलीपैड पर सुबह साढ़े दस बजे उतरेगा। वे विश्वविद्यालय में लगभग ढ़ाई घंटे तक रहेंगे। इसके बाद वे श्रीकृष्ण सेवा सदन पुस्तकालय आएंगे। पुस्तकालय में वे लगभग एक घंटे तक रुकेंगे। इसके बाद वे वापस पटना लौट जाएंगे। विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षा समारोह में टीएमबीयू के पूर्व कुलपति प्रो. रमाशंकर दूबे सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: बदमाशों ने सरकारी स्कूल को बनाया निशाना, उपकरणों को किया क्षतिग्रस्त, जांच में जुटी पुलिस
दोनों पूर्व कुलपति भी कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीक्षा समारोह में दोनों पूर्व कुलपति प्रो. रंजीत कुमार वर्मा तथा डॉ. श्यामा राय शामिल होंगे। इसके अलावा प्रथम प्रतिकुलपति डॉ. कुसुम कुमारी भी शामिल होंगी। हालांकि, दूसरे प्रति कुलप्रति सह टीएमबीयू के कुलपति प्रो. जवाहर लाल इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि टीएमबीयू में सीनेट की बैठक होने वाली है। इसके अलावा कई अन्य विश्वविद्यालय के कुलपतियों के भी शामिल होने की सूचना है। इसके अलावा कार्यक्रम में सीनेट व सिंडिकेट के कई सदस्य शामिल होंगे।
विद्यार्थियों के बीच वितरित किया गया किट
दीक्षा समारोह को लेकर गुरुवार से ही इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों के बीच दीक्षा किट का वितरण शुरू कर दिया गया था। इस क्रम में पहले दिन गुरुवार को पीजी के विद्यार्थियों के बीच दीक्षा किट का वितरण किया गया था। दूसरे दिन शुक्रवार को यूजी के विभिन्न सत्रों के विद्यार्थियों के अलावा गुरुवार को किट नहीं ले पाने वाले विद्यार्थियों के बीच दीक्षा किट वितरित किया गया। इस किट वितरण कार्य को एनसीसी कैडेटों के माध्यम से संपन्न कराया गया। इधर पूरे दिन कार्यक्रम को लेकर पंडाल को अंतिम रूप देने तथा बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।
यह भी पढ़ें: बाढ़ थर्मल पावर प्लांट के स्टेज-1 की तीसरी इकाई हुई सिंक्रोनाइज, CM नीतीश की पहल पर हुई थी स्थापना
एसपी और डीएम ने की ब्रीफिंग
जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह और एसपी सैयद इमरान मसूद राज्यपाल के आगमन को लेकर मुंगेर विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। इस मोके पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्यपाल के मुंगेर आगमन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सारी व्यवस्था कर ली गई है। राज्यपाल के आगमन को लेकर लगभग 300 पुलिस जवानों को लगाया गया है।