बिहार के जमुई जिले से पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मुंगेर की रहने वाली एक युवती ने चंद्रदीप थाना में पदस्थापित एसआई कुंदन कृष्णा पर शादी का झांसा देकर कई महीनों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में साथ रखने से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती ने जमुई पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपी एसआई ने सभी आरोपों को गलत बताया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
फेसबुक से हुई पहचान, फिर बढ़ी नजदीकियां
युवती के आवेदन के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान एसआई कुंदन कृष्णा से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। युवती का दावा है कि 13 फरवरी 2026 को दोनों ने मुंगेर के चंडिका स्थान मंदिर में विवाह किया था।
शादी का भरोसा देकर बनाए शारीरिक संबंध का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कथित विवाह के बाद एसआई ने मुंगेर और बेगूसराय के अलग-अलग होटलों में बुलाकर पति-पत्नी का संबंध होने का भरोसा दिलाया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि जब भी वह साथ रहने की बात करती थी, तब उसे स्थायी रूप से कमरा लेकर साथ रखने का आश्वासन दिया जाता रहा।
जमुई आने के बाद बदला रवैया, पांच लाख रुपये का प्रस्ताव देने का आरोप
युवती का आरोप है कि जब एसआई की पोस्टिंग जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में हुई और वह वहां पहुंची, तो कुछ समय तक उसे किराए के कमरे में रखा गया। बाद में आरोपी ने दोनों के अलग-अलग जाति से होने की बात कहते हुए साथ रखने से इनकार कर दिया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंध खत्म करने के बदले पांच लाख रुपये लेने का प्रस्ताव दिया गया।
थाने ले जाकर धमकाने का भी आरोप
युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसे जबरन चंद्रदीप थाना ले जाया गया, जहां उसे धमकाया गया। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा अपशब्द कहकर वहां से भगा दिया गया।
एसआई ने आरोपों को बताया गलत
मामले पर एसआई कुंदन कृष्णा ने कहा कि उन्होंने युवती से शादी नहीं की है और उन पर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल बीमार हैं और इस मामले में अधिक जानकारी नहीं दे सकते।
एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि एक महिला ने आवेदन देकर चंद्रदीप थाना में कार्यरत एसआई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।