खगड़िया के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत बंदेहरा पंचायत के किसानों ने वेस्ट टू वेल्थ (कचरे से दौलत) की ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जो आज पूरे राज्य के लिए चर्चा का विषय बन गई है। यहां केले की खेती करने वाले किसान अब फल बेचने के साथ-साथ फसल के बेकार अवशेष (तनों) से हजारों-लाखों रुपये की अतिरिक्त कमाई कर रहे हैं।
बंदेहरा ग्राम पंचायत के किसान करीब 15 एकड़ जमीन पर बड़े पैमाने पर केले की खेती करते हैं। ये किसान बताते हैं कि कुछ साल पहले तक फल काटने के बाद केले के तने और कचरे को फेंक दिया जाता था, जिससे आसपास भारी गंदगी फैलती थी, लेकिन कुछ वर्ष पहले ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शुरू लोहिया स्वच्छ भारत अभियान (एलएसबीए) ने इन किसानों के लिए आय का नया रास्ता खोल दिया। योजना के तहत फसल के अवशेष से आकर्षक उत्पाद बनाने की पहल जो इस पंचायत में शुरू हुई, आज मील का पत्थर साबित हो रही है।
तने से बन रहे कपड़े, बैग, मैट और टोपी
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, केला किसान सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को प्रति तना के हिसाब से उचित भुगतान किया जा रहा है। इन तनों का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) करके पर्यावरण-अनुकूल वस्त्र, टोकरी, बैग, मैट, कालीन और हैंडीक्राफ्ट टोपी जैसे खूबसूरत उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि बंदेहरा के किसानों के हाथों बने ये उत्पाद अब विभिन्न चरणों से होते हुए देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी पहुंच बना चुके हैं। लोहिया स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मीरा कुमारी बताती हैं कि इस नवाचार से किसानों को कचरा निस्तारण के लिए अपनी जेब से कोई खर्च नहीं करना पड़ता, बल्कि उलटे उन्हें कचरे के दाम मिल रहे हैं।
बचे कचरे से बन रही जैविक खाद, 50 रुपये किलो बिक रही
वहीं, केला किसान सहकारी समिति के निदेशक बृजेश कुमार ने बताया कि केले के तने से रेशा निकालने के बाद जो पल्प वेस्ट (मलबा) बच जाता है, उससे उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है। बाजार में इस जैविक खाद की भारी मांग है और यह 50 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बिक रही है। इस खाद निर्माण कार्य में बंदेहरा और आसपास के इलाकों की करीब 50 जीविका दीदियां सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। यह महिला समूह खाद बनाने के साथ-साथ करीब 70 से 80 एकड़ भूमि पर सामूहिक रूप से जैविक खेती को भी बढ़ावा दे रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिल रही है।
मंत्री श्रवण कुमार ने की तारीफ
बिहार के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन संपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के ग्रामीण इलाकों में हुनर और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। हमारे किसानों और जीविका दीदियों ने यह साबित कर दिखाया है कि थोड़ी सी सूझबूझ से कचरे को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है। सरकार वेस्ट टू वेल्थ की इस सोच को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केले के रेशे और जैविक खाद के सफल मॉडल से न केवल पर्यावरण स्वच्छ हो रहा है, बल्कि हमारे किसान और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहे हैं। ऐसे प्रयास पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
किसान बोले- अब फेंकते नहीं, कमाते हैं
स्थानीय किसान सागर कुशवाहा ने बताया कि यह पूरे बिहार में पहली जगह खगड़िया है, जहां लोग केले के थम से रेशा निकाल कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। किसान सुलोचना देवी ने बताया कि जिस केले के थम्ब को हमलोग फेंक देते थे, आज उसका उपयोग किया जा रहा है। वहीं किसान विकास कुमार, गुलशन कुमार एवं मुकेश कुमार ने बताया कि हमलोग केले की खेती कर अब आत्मनिर्भर बन रहे हैं। लोहिया स्वच्छ भारत अभियान के तहत पंचायत में करीब 50 किसान स्वच्छता की मिसाल बने हैं। कचरे का प्रसंस्करण कर जैविक खाद बनाने के कार्य से जीविका दीदियों के हाथों स्थाई रोजगार मिला है।
(इनपुट-
देव्यांक राज, खगड़िया)
यह केले के तने से बना उत्पाद है। यकीन कीजिए।