लखीसराय जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। ओडिशा के कटक स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में 28 अगस्त से 2 सितंबर 2025 तक आयोजित होने वाली चौथी सब-जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बिहार से चयनित 26 खिलाड़ियों में से 13 खिलाड़ी लखीसराय जिले के हैं। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बिहार टीम में लखीसराय के सर्वाधिक खिलाड़ियों का चयन होना जिले की खेल प्रतिभा और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। चयनित खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जिला खेल भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लखीसराय के लिए यह गर्व की बात है कि बिहार टीम में सबसे ज्यादा खिलाड़ी इसी जिले से चुने गए हैं। डीएम ने कहा कि खेल केवल जीत या हार का नाम नहीं है, बल्कि इसमें भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। इससे खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित होती है।
पढ़ें: कटिहार सदर अस्पताल बना मौत का घर! जच्चा-बच्चा ने तड़पकर तोड़ा दम; डॉक्टर गायब, नर्स ने थामे हाथ; हंगामा
उन्होंने खिलाड़ियों से अपेक्षा जताई कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और जिले तथा राज्य का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन करेंगे। साथ ही उन्हें खेल को कैरियर के रूप में अपनाने की दिशा में गंभीर प्रयास करने की सलाह दी, ताकि भविष्य में देश का भी प्रतिनिधित्व कर सकें।
सम्मान कार्यक्रम में खिलाड़ियों के परिजनों और स्थानीय खेलप्रेमियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने भी संकल्प लिया कि वे पूरी मेहनत और लगन से प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले को गौरवान्वित करेंगे। यह उपलब्धि स्पष्ट करती है कि लखीसराय खेल प्रतिभा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाएंगे।