बिहार के लखीसराय में एक पिता पर दूसरी पत्नी के साथ मिलकर अपनी बेटी की हत्या कर देने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि किशोरी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। यह घटना टाउन थाना क्षेत्र के बड़हिया रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के पास बुधवार की देर शाम को घटी। वहीं, मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार गुरुवार को दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन घर पर ताला लगाकर सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
इधर, घटना को लेकर मृतका शाम्वी कुमारी (14) की मामी बबीता देवी ने टाउन थाना को आवेदन दिया है। उसमें उन्होंने कहा कि उनके ननदोई सह शाम्हो अकबरपुर निवासी रामाश्रय सिंह के बेटे अनमोल कुमार ने अपनी दूसरी पत्नी चमचम देवी और उसके भाई कुश कुमार के साथ मिलकर शाम्वी कुमारी की हत्या कर शव को गायब कर दिया है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि वर्ष 2011 में उसकी ननद सोनी कुमारी की भी हत्या अनमोल कुमार ने कर दी थी। बाद में बेटी शाम्वी कुमारी के पालन पोषण की दुहाई देकर बच गया। अब उसने अपनी बेटी की भी हत्या कर दी।
बबीता देवी ने कहा कि गुरुवार को उसने शाम्वी कुमारी से फोन पर बातचीत करना चाहा। तब उसका फोन परिवार के सदस्य द्वारा उठा कर कहा गया कि आपकी भगिनी शाम्वी की हत्या कर लाश को गायब कर दिया है, जो करना है वह करो।
वहीं, थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है। शाम्वी कुमारी के पिता अनमोल कुमार एसएसबी में कार्यरत हैं। अनमोल कुमार ने बुधवार की शाम को अकबरपुर पहुंचकर अपनी बेटी को बड़हिया रोड स्थित डीएवी स्कूल के पास और स्थाई पता पंचवटी मोहल्ले के घर पर छोड़ दिया था। उसके बाद वह यह कह कर निकल गया कि वह ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार की देर शाम शाम्वी के लापता हो जाने की बात सामने आई। उसके बाद शाम्वी के ननिहाल हलसी तरहारी में खबर दी गई। शाम्वी के मामा के बाहर होने के कारण उसकी मामी बबीता देवी ने जब पंचवटी मोहल्ला पहुंचकर खोजबीन की, तो वहां पर कोई नहीं था। बबीता देवी को पता चला कि उसकी भगिनी शाम्वी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोप है कि अनमोल कुमार ने 2011 में अपनी पहली पत्नी की भी हत्या कर दी थी। उसके बाद उसने सदर प्रखंड के साबिकपुर पंचायत के कोरिया गांव में दिवंगत सुरेश सिंह की बेटी चमचम कुमारी से शादी रचाई। सौतली मां चमचम देवी शाम्वी के साथ भेदभाव की भावना रखती थी। उन्होंने बताया कि किशोरी की मौत को लेकर आवेदन मिला, जिसके बाद घर पर पुलिस पहुंची तो सभी ताला लगाकर फरार हो गए थे। आवेदन को लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।