बिहार के चर्चित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी प्रयोगधर्मी कला का अनोखा नमूना पेश किया है। उन्होंने पारंपरिक कैनवास के बजाय भोज में भोजन परोसने वाली पत्तल को ही कैनवास बनाकर ब्रिक्स 2026 में शामिल होने वाले प्रमुख वैश्विक नेताओं के चित्र उकेरे हैं। करीब 15 दिनों की मेहनत से तैयार इस विशेष कलाकृति में 'वेलकम टू इंडिया-ब्रिक्स 2026' संदेश भी अंकित किया गया है।
मोदी-पुतिन समेत BRICS नेताओं के बनाए चित्र
पत्तलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो समेत कई नेताओं के चित्र बनाए गए हैं। चित्रों को अलग-अलग पत्तलों पर फ्रेम की तरह सजाया गया है।
मधुरेंद्र ने बताया कि पत्तल की सतह पर बारीक चित्रकारी करना सामान्य कैनवास की तुलना में चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद उन्होंने चेहरों की रूपरेखा और भाव-भंगिमा को उभारने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें- बिहार: फर्जी ई-केवाईसी से सिम का खेल, 1300 से ज्यादा कार्ड बरामद; सीबीआई ने डिस्ट्रीब्यूटर को दबोचा
तस्वीरें सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बन रहीं
उन्होंने कहा कि कलाकृति के जरिए भारत की मेहमाननवाजी के साथ विश्व शांति, संवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है। मधुरेंद्र इससे पहले रेत, मिट्टी, राख, पीपल के पत्ते, फल और सब्जियों सहित विभिन्न माध्यमों पर भी कलाकृतियां तैयार कर चुके हैं। पत्तल पर विश्व नेताओं के चित्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
बनाई गई तस्वीर
मधुरेंद्र की अनोखी कला ने खींचा ध्यान